Hindi News / bihar / bhojpur-news / BIHAR: इंटर परीक्षा खत्म होते ही परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों ने मनाया...

BIHAR: इंटर परीक्षा खत्म होते ही परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों ने मनाया जश्न, DJ ट्रॉली पर भोजपुरी गाना बजाकर करने लगे डांस

बिहार में इंटर की परीक्षा खत्म होते ही भोजपुर में छात्र जश्न मनाने लगे। परीक्षा सेंटर के बाहर गुजर रहे डीजे ट्रॉली पर बज रहे भोजपुरी गानों को सुनते ही एडमिट कार्ड लहराकर खूशी से झूमने लगे। इस पल को छात्र अपने-अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।

1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Feb 10, 2026, 4:36:30 PM

बिहार न्यूज

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल - फ़ोटो रिपोर्टर

ARRAH:बिहार में इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा समाप्त होते ही छात्रों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों के जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 


यह वायरल वीडियो भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड स्थित राम जानकी हाई स्कूल के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र सड़क से गुजर रहे एक डीजे वाहन पर बज रहे भोजपुरी गानों की धुन पर जमकर डांस कर रहे हैं। छात्र अपने हाथों में एडमिट कार्ड लहराते हुए खुशी का इज़हार करते नजर आ रहे हैं।


लंबे समय तक चली परीक्षा, तनाव और महीनों की मेहनत के बाद छात्रों ने इस अंदाज़ में अपनी खुशी जाहिर की। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया।


वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे छात्रों की स्वाभाविक खुशी और मेहनत के बाद का सुकून बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे परीक्षा समाप्त होने के बाद मिली आज़ादी का उत्सव मान रहे हैं। बहरहाल, यह वीडियो परीक्षा के दबाव से मुक्त हुए छात्रों के उत्साह, उमंग और खुशी को साफ तौर पर दर्शाता है, जो फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ है।