Hindi News / bihar / jahanabad-news / Bihar News: बिहार से देवघर जा रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई,...

Bihar News: बिहार से देवघर जा रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई, हादसे में ससुर-बहू की मौत, चार लोग घायल

Bihar News: जहानाबाद से देवघर महाशिवरात्रि पूजा के लिए जा रहे परिवार की कार चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में पेड़ से टकरा गई। हादसे में ससुर और बहू की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 15, 2026, 3:15:56 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो File

Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले से देवघर पूजा के लिए जा रहे एक परिवार पर रफ्तार का कहर टूट पड़ा। रविवार सुबह करीब 8 बजे चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।


इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार 70 वर्षीय कृष्णनंदन सिंह और उनकी 48 वर्षीय पुत्रवधू रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय गणेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग जहानाबाद जिले के सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और महाशिवरात्रि के अवसर पर देवघर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चंद्रमंडी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर देवघर सदर अस्पताल भेजा।


पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। चालक भी घायल है और पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।