1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 16, 2026, 7:20:33 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर
KHAGARIA:बिहार के खगड़िया जिले में आज रफ्तार ने कहर बरपाया। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। ट्रक और स्कॉर्पियो ने कुचलकर 5 बाइक सवार की जान ली।
घटना के विरोध में कुम्हर चक्की और चैधा के पास NH-31 करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हालांकि स्थानीय पुलिस के समझाने बुझाने के बाद सड़क जाम टूटा और आवागमन बहाल हो सका।
पहली घटना आज खगड़िया जिले के मुफ्फसिल थाना इलाके कुम्हरचक्की में हुई। जहां मैजिक और ट्रक के बीच टक्कर हुई। जिसमें दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय धीरज और 28 साल के संजीव के रुप में हुई है। दोनों युवक बेगूसराय जिले के रहने वाले थे। परिजनों ने बताया कि खगड़िया स्थित कात्यायनी मंदिर में पूजा करने के लिए दोनों युवक मैजिक से अपने गांव के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते में सड़क हादसे के शिकार हो गये।
दूसरी और तीसरी घटना जिले के महेशखूंट थाना इलाके के दो अलग-अलग जगहों पर हुई। जहां चैधा दुर्गा मंदिर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय शिवम् और 18 साल के गोलू के रूप में हुई है। जो मानसी प्रखंड का रहने वाले थे। परिजनों की माने तो दोनों महेशखूंट बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों को कुचल दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।
वहीं तीसरी घटना भी महेशखूंट थाना इलाके में ही सपाहा के पास हुई। जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को रौंदा दिया। जिससे 30 साल के अमरेश सिंह की मौके पर मौत हो गई है। इस तरह से जिले में आज सड़क दुर्घटना में एक किशोर समेत पांच लोगों की मौत हुई। घटना के बाद से परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
खगड़िया से अनीश की रिपोर्ट