Hindi News / bihar / lakhisarai-news / Lakhisarai Murder: खेत में सरसों कटाई देख रहे रेलवे कर्मी की गोली मारकर...

Lakhisarai Murder: खेत में सरसों कटाई देख रहे रेलवे कर्मी की गोली मारकर हत्या, हाईवे-30 जाम कर परिजनों का हंगामा

लखीसराय के पीरी बाजार थाना क्षेत्र में रेलवे कर्मी संतोष कुमार की गोली मारकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने हाईवे-30 जाम किया, पुलिस जांच जारी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 19, 2026, 9:55:18 AM

Lakhisarai Murder: खेत में सरसों कटाई देख रहे रेलवे कर्मी की गोली मारकर हत्या, हाईवे-30 जाम कर परिजनों का हंगामा

- फ़ोटो

Lakhisarai Murder : बिहार के लखीसराय जिले के पीरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत घोंघी गांव में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। रेलवे में ग्रुप डी के पद पर कार्यरत 35 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ दिलीप कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पश्चिम बंगाल के अंडाल में रेलवे विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे।


जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब छह बजे की है। संतोष कुमार अपने खेत के खलियान में सरसों की कटाई का काम देख रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई गोलियां उनके शरीर में लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल लेकर निकले, पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि करीब चार घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया, जिससे परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। देखते ही देखते सैकड़ों लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए और हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और शव को लेकर सड़क पर उतर आए। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ हाईवे-30 को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखीसराय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) शिवम कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर हत्यारों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है, जिसमें पुरानी रंजिश, जमीन विवाद या अन्य व्यक्तिगत कारण शामिल हो सकते हैं। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।


घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस हत्या ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।