Hindi News / bihar / munger-news / गर्ल फ्रेंड को बाइक सिखाना पड़ गया महंगा: 70 के स्पीड में प्रेमिका...

गर्ल फ्रेंड को बाइक सिखाना पड़ गया महंगा: 70 के स्पीड में प्रेमिका ने ट्रक को ठोका, बाल-बाल बची दोनों की जान

मुंगेर में प्रेमी अपनी प्रेमिका को बाइक चलाना सिखा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज जारी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 07, 2026, 9:09:55 PM

बिहार न्यूज

दोनों की हालत गंभीर - फ़ोटो रिपोर्टर

MUNGER: प्यार में साथ जीने-मरने की कसमें तो आपने अक्सर सुनी होंगी, लेकिन मुंगेर में एक “लव बर्ड” की कहानी अचानक हादसे में बदल गई। यहां एक प्रेमी अपनी प्रेमिका को बाइक चलाना सिखा रहा था, लेकिन सीखने का यह सिलसिला दोनों पर भारी पड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना मुंगेर के चंडिका स्थान के पास हाइवे की है। बताया जा रहा है कि युवक अंकेश अपनी प्रेमिका को बाइक चलाना सिखा रहा था। भरोसा इतना था कि उसने प्रेमिका को आगे बैठाया और खुद पीछे बैठकर हैंडल पकड़कर बाइक को नियंत्रित कर रहा था।


लेकिन कुछ ही पलों में यह “लव ट्रेनिंग” एक बड़े हादसे में बदल गई। युवक ने जैसे ही कुछ सेकंड के लिए हैंडल से हाथ हटाया, प्रेमिका संतुलन नहीं बना पाई और अचानक एक्सीलेटर घूम गया। तेज रफ्तार में आई बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।


टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को मुंगेर मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक अंकेश ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को बाइक चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान युवती की आंख में पानी आ गया, जिसे पोंछने के लिए उसने हैंडल छोड़ दिया। तभी एक्सीलेटर दब गया और बाइक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक से टकरा गई।


वहीं युवती की मां ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनकी बेटी बिना बताए घर से निकल गई थी, जिसके बाद उन्हें हादसे की सूचना मिली। यह घटना एक बड़ा सबक देती है कि सड़क पर लापरवाही और रोमांच कभी भी भारी पड़ सकता है। सुरक्षित ड्राइविंग और सावधानी ही सबसे जरूरी है, वरना एक छोटी सी गलती बड़ा हादसा बन सकती है।

मुंगेर से मोहम्मद इम्तियाज खान की रिपोर्ट