1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 09, 2026, 9:39:36 PM
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरैया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के कुख्यात अपराधी संदीप कुमार झा को अवैध हथियार और कारतूस के साथ धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधी के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया हैं।
फ्लिपकार्ट के दफ्तर में हत्या और लूट का है आरोपी
पकड़ा गया अपराधी संदीप कुमार झा सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा रूपनाथ उत्तरी का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, संदीप का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और खौफनाक रहा है। यह वही अपराधी है जिसने पिछले साल जिले के सदर थाना क्षेत्र के खबरा स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में घुसकर भीषण लूटपाट की थी। उस दौरान विरोध करने पर संदीप ने एक डिलीवरी बॉय को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने उसे जेल भेजा था, लेकिन हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था।
जेल से छूटते ही फिर से हुआ सक्रिय
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जेल से बाहर आने के बाद संदीप झा फिर से अपनी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही सरैया पुलिस ने घेराबंदी की और उसकी तत्परता के कारण संदीप को हथियार के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एक दर्जन से अधिक मामले हैं दर्ज
संदीप कुमार झा पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे लगभग एक दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि संदीप के पूरे गैंग को चिन्हित किया जा रहा है और उनके ठिकानों पर छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल से छूटे ऐसे सभी शातिर अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है, जो दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं। पुलिस अब पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और आने वाली योजनाओं का खुलासा किया जा सके। इस गिरफ्तारी को मुजफ्फरपुर पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है,जिससे इलाके में संभावित आपराधिक वारदातों पर लगाम लगेगी।