1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Feb 03, 2026, 10:32:42 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो REPORTER
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. मृतक की पहचान मनोज राय के रूप में हुई है, जो माखन साह चौक पर पान की दुकान चलाता था।
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जब मनोज राय को खून से लथपथ हालत में देखा, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को हत्या की सूचना मिली है। सिटी एसपी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस की टीम स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए घटना स्थल और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है। एसएसपी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही सिटी एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।