1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Dec 15, 2025, 7:09:17 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar State Highways: बिहार के बेतिया से चनपटिया होते हुए नरकटियागंज को जोड़ने वाली स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है। लगभग 38 किलोमीटर लंबी इस सड़क को टू-लेन में विकसित किया जा रहा है, जिसमें कई स्थानों पर पुल और पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना वर्ष 2026 तक पूरी तरह तैयार हो जाने की उम्मीद है।
करीब 12 मीटर चौड़ी इस स्टेट हाइवे के निर्माण पर लगभग 360 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। सड़क के पूर्ण होने के बाद बेतिया और नरकटियागंज के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में जाम और जर्जर सड़क के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन नई सड़क बनने से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
यह स्टेट हाइवे केवल यातायात को ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति देगा। सड़क के दोनों किनारों पर बसे ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि कार्यों में सुविधा होगी और छोटे व्यवसाय, दुकानें तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर अस्थायी असुविधा जरूर हो रही है, लेकिन लोग इसे भविष्य के लाभ को देखते हुए जरूरी मान रहे हैं। वहीं, अधिकारियों का दावा है कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तय समय-सीमा के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।