1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 15, 2025, 7:32:49 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बेतिया जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सुगौली थाना स्थित फुलवरिया गांव निवासी बिट्टू राम, पिता संतोष राम, की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बिट्टू राम रविवार को अपनी बाइक से ससुराल मझौलिया जा रहा था, तभी गुरचुरवा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बिट्टू राम की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना 112 डायल नंबर पर दी। सूचना पाकर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर बेतिया जीएमसीएच भेजा।
सोमवार, 15 सितंबर को जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद गांव और परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि बिट्टू राम की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद से ही घर-परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
वहीं, पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया