1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 14, 2025, 1:54:01 PM
Road Accident in bihar - फ़ोटो SOCIAL MEDIA
Road Accident in bihar : बिहार में सड़क हादसे के मामले में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। राज्य के अंदर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जिस दिन सड़क हादसों में लोगों की जान नहीं जाती हो। इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला सहरसा से निकल कर सामने आ रहा है। जहां सड़क हादसे में एक कार चकनाचूर हो गई है। इस घटना में एक की मौत और दो दोस्त घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सहरसा के सौरबाजार प्रखंड में भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। यह घटना गुरुवार की आधी रात बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर से घैलाढ़ मुख्य मार्ग पर सपहा गांव के पास हुई। जहां कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि, गम्हरिया पंचायत के रामपुर गांव निवासी धीरेन्द्र साह के पुत्र सोनू कुमार, बलदेव कामत और मधेपुरा जिले के परमानंदपुर थाना क्षेत्र के बरदाहा गांव निवासी सतीश सिंह के 30 वर्षीय पुत्र ऋतिक सिंह तीनों गुरुवार की मध्य रात्रि चार पहिया वाहन से बैजनाथपुर से सपहा होते हुए अपने गांव आ रहे थे, तभी सपहा गांव स्थित राजाजी स्थान के समीप गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इधर, ऋतिक सिंह की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है। लोग इस दुखद हादसे से सदमे में हैं।