Hindi News / bihar / patna-news / पटना मेट्रो का विस्तार: मलाही पकड़ी तक संचालन के लिए अंतिम तैयारियां पूरी,...

पटना मेट्रो का विस्तार: मलाही पकड़ी तक संचालन के लिए अंतिम तैयारियां पूरी, जल्द शुरू होगा नया खंड

Patna Metro: पटना मेट्रो का विस्तार मलाही पकड़ी तक अंतिम चरण में है। ट्रायल और सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही नया खंड शुरू होकर पूर्वी पटना के यात्रियों को जाम और लंबी यात्रा से राहत देगा।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 19, 2026, 2:31:50 PM

Patna Metro

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Patna Metro: पटना में मेट्रो सेवा के विस्तार का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से जीरो माइल होते हुए मलाही पकड़ी तक मेट्रो रेल के परिचालन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। वर्तमान में बस स्टैंड से जीरो माइल और खेमनीचक तक मेट्रो का संचालन जारी है, जबकि भूतनाथ से आगे मलाही पकड़ी तक ट्रायल और सुरक्षा से जुड़ी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। 


माना जा रहा है कि अगले कुछ ही दिनों में इस नए खंड पर भी मेट्रो दौड़ने लगेगी, जिससे पूर्वी पटना के लाखों लोगों को जाम और लंबी यात्रा से राहत मिलेगी। कल अधिकारियों की टीम ने संबंधित मेट्रो स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन के प्रवेश और निकास बिंदुओं, पंप रूम, भूतल, कॉनकोर्स लेवल और प्लेटफॉर्म लेवल समेत सभी महत्वपूर्ण हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया गया। 


टीम ने सुनिश्चित किया कि यात्री सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप हों। अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। स्टेशन परिसर में लगे सभी फायर फाइटिंग सिस्टम, अलार्म, इमरजेंसी एग्जिट और वेंटिलेशन की जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यह निरीक्षण अग्नि सुरक्षा सत्यापन की अंतिम प्रक्रिया का हिस्सा था, जो मेट्रो संचालन से पहले अनिवार्य है।


इसके बाद सीएमआरएस निरीक्षण होगा और उसके बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया जाएगा। एनओसी मिलने के साथ ही इस रूट पर मेट्रो संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। पटना मेट्रो प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा, विश्वसनीय सेवा और आधुनिक सुविधाओं के उच्चतम मानकों को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां अंतिम रूप दे दी गई हैं। जल्द ही शहरवासियों को मेट्रो के इस नए खंड की सौगात मिलने वाली है।