Hindi News / bihar / patna-news / पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन की IPL में एंट्री, केकेआर ने 30...

पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन की IPL में एंट्री, केकेआर ने 30 लाख में खरीदा

आईपीएल 2026 ऑक्शन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा। दिल्ली की ओर से रणजी खेलने वाले सार्थक ओपनिंग बल्लेबाज हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 16, 2025, 8:47:41 PM

bihar

- फ़ोटो social media

DESK: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में खेलने का मौका मिल गया है। 16 दिसंबर को अबूधाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित आईपीएल ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।


ऑक्शन में सार्थक रंजन का बेस प्राइस 30 लाख रुपये रखा गया था, जिस पर केकेआर ने बोली लगाकर उन्हें खरीद लिया। इसके साथ ही सार्थक का आईपीएल खेलने का सपना साकार हो गया। सार्थक रंजन एक ओपनिंग बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से रणजी ट्रॉफी खेलते हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है।


उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग में कुल 9 मैचों में करीब 448 रन बनाए। खासकर दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 58 गेंदों में शतक जड़कर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया था। इस दमदार पारी के बाद से ही उनके आईपीएल में चुने जाने की चर्चा तेज हो गई थी।


जानकारी के अनुसार, सार्थक रंजन ने 2016 में दिल्ली की ओर से घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने लगातार अपने खेल में सुधार किया और सीमित ओवरों के साथ-साथ लंबी पारी खेलने की क्षमता भी विकसित की। उनकी तकनीक, संयम और आक्रामक अंदाज ने उन्हें एक भरोसेमंद ओपनर के रूप में स्थापित किया है। अब आईपीएल 2026 में केकेआर की जर्सी में सार्थक रंजन को खेलते देखना क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होगा। यह मंच उनके लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और देशभर के दर्शकों को प्रभावित करने का बड़ा अवसर लेकर आया है।