1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 17, 2026, 11:56:57 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI
Bihar News: बिहार के सासाराम में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कर्मडिहरी गांव के पास 7 अरब रुपये की लागत से सासाराम नॉर्थ जंक्शन का निर्माण किया जा रहा है। यह जंक्शन आरा-सासाराम रेलखंड पर जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के तहत दो प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जो शेड और फुटओवर ब्रिज से सुसज्जित होंगे। प्रत्येक प्लेटफॉर्म की लंबाई लगभग 700 मीटर होगी। इसके साथ ही रेल फ्लाईओवर (RFO), आरओआर और अन्य आवश्यक संरचनात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं।
यह नया जंक्शन सोननगर-जपला, गयाजी-हावड़ा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू)-दिल्ली रेल लाइन को जोड़ने का काम करेगा। यहां से इन प्रमुख रेलखंडों के लिए ट्रेनों का परिचालन संभव होगा, जिससे मुख्य लाइनों पर दबाव कम होगा।
आरा-सासाराम रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य भी जारी है, जिससे क्षेत्र में रेल यातायात और अधिक सुगम होगा। इस परियोजना से चौसा थर्मल पावर प्लांट को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। रेल फ्लाईओवर का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि आरओआर के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम दौर में है। पूरी परियोजना के अगले तीन वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है।