Hindi News / bihar / samastipur-news / सहरसा में दिल दहला देने वाली घटना: नदी किनारे युवक की सिर कटी...

सहरसा में दिल दहला देने वाली घटना: नदी किनारे युवक की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप

25 से 30 साल उम्र के युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैली हुई है। युवक के धड़ से करीब 500 मीटर दूर सिर बरामद किया गया। मृतक की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है।

1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Feb 12, 2026, 4:49:02 PM

बिहार न्यूज

हत्या से सनसनी - फ़ोटो रिपोर्टर

SAHARSA:सहरसा के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुरसर नदी के किनारे एक युवक का सिर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। 


मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जब आसपास तलाशी ली गई तो शव से करीब 500 मीटर दूर युवक का सिर भी बरामद कर लिया गया।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्यारों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को धड़ से अलग कर दूर फेंक दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


वहीं सोनवर्षाराज, पतरघट और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी छानबीन की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में भारी संख्या में लोगों की भीड़ देखी जा रही है वही क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।