1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 18, 2026, 4:22:52 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Police News: बिहार के सारण जिले से जुड़े एक वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वीडियो में कथित तौर पर सब इंस्पेक्टर जगदीश शर्मा और महिला सिपाही इंदु कुमारी एक प्रेमी जोड़े से जबरन वसूली करते दिखाई दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह मामला लगभग दो महीने पुराना है। घटना गंडक कॉलोनी के नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के पावर हाउस के पास हुई थी। बताया गया कि पार्क के पास एक कपल आपस में बात कर रहा था और किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को गाड़ी में बैठा लिया।
इस दौरान गाड़ी में सब इंस्पेक्टर जगदीश शर्मा, महिला सिपाही इंदु कुमारी और चालक उमेश सिंह मौजूद थे। युवक को थाने ले जाने और केस दर्ज करने की धमकी दी गई, साथ ही पैसे की मांग भी की गई। हालांकि, युवक ने चालाकी से पूरे वाकये का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
दो महीने बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि थाना के सरकारी फोन पर 17 फरवरी को यह वीडियो मिला और तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।