1st Bihar Published by: RAMESH SHANKAR Updated Feb 11, 2026, 9:22:24 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
SAMASTIPUR:इस वक्त की बड़ी खबर समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर से आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने महिला समेत दो को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गये। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक अपराधी भीड़ के हत्थे चढ़ गया। जिसकी पीट-पीट कर लोगों ने अधमरा कर दिया।
उधर गोली लगने से घायल युवक पप्पू पासवान और महिला रेखा देवी को दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के डॉक्टरों ने समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वही पकड़े गए अपराधी सन्नी पासवान को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस गोली मारने की वजह को तलाशने में जुटी है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बाइक से जा रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी थी, लेकिन जख्मी हालत में भी युवक ने गोली चलाने वाले अपराधियों को पीछे से उसकी बाइक पकड़ लिया लेकिन अपराधी ने उसे दो गोली और मारी तब वह बाइक छोड़कर गिर गया । इसी बीच स्थानीय महिला रेखा देवी अपने घर के पास से निकल कर जख्मी युवक की मदद के लिए सामने आई तो उसे भी अपराधियों ने गोली मार दी।
फिर अपराधी भागने लगे। गोली की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोगों ने खदेड़ कर एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल अपराधी सन्नी पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गयी। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।