1st Bihar Published by: RAMESH SHANKAR Updated Feb 08, 2026, 6:07:07 PM
हत्या से सनसनी - फ़ोटो रिपोर्टर
SAMASTIPUR:समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। पुलिस को खुली चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया और हंगामा मचाया। गुस्साए लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी गणेश सहनी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गणेश सहनी हरपुर भिंडी गांव से ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रहा था तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने दर्जिनिया पुल पर ताबड़तोड़ गोली मारी और मौके पर ही टीचर की मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
बताया जाता है कि घटनास्थल के पास से पुलिस ने एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है। घटना के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हो गए और राष्ट्रीय राज मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक पेशे से टीचर के साथ-साथ एडवोकेट भी थे। साथ में प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करते थे। वह एक प्राइवेट कोचिंग में पढ़ाते थे।
लोगों का कहना है कि मृतक रविवार को भी कोचिंग में बच्चों को पढ़ाकर लौट रहा था कि तभी पहले से घात लगाये बैठे अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों की माने तो बदमाशों ने करीब बीस राउंड फायरिंग की है। इधर सड़क जाम के कारण इस प्रमुख मार्ग पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई।
आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी थी। बताया जाता है कि पुलिस अपराधियों के फरार होने की दिशा में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है। हालांकि हत्या के सही कारण का पता अभी नहीं चल सका है। घटना के तमाम बिन्दुओं की जांच पुलिस कर रही है।