Hindi News / bihar / vaishali-news / पैसे के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे बाप-बेटे

पैसे के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे बाप-बेटे

वैशाली में रिटायर्ड फौजी बृजेश कुमार सिंह ने पैसे के विवाद में अपने पड़ोसी और उसके बेटे पर फायरिंग कर दी। जानलेवा हमला करने वाले आरोपी और उसके भाई को बंदूक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

1st Bihar Published by: Vikramjeet Updated Feb 14, 2026, 6:13:50 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया

VAISHALI: वैशाली में एक रिटायर्ड फौजी ने पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर अपने पड़ोसी और उसके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। फौजी ने बंदूक से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी फौजी और उसके एक भाई को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली है।


पीड़ित रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि रिटायर्ड फौजी बृजेश कुमार सिंह ने पांच साल पहले उनके पिताजी से पैसे लिए थे, जो लौटा दिए गए थे। इसके बावजूद फौजी उनसे 4 लाख रुपए की मांग कर रहा था। रुपए न देने पर बृजेश सिंह ने उनके घर पर चढ़कर फायरिंग की, घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट भी की।


डीएसपी गोपाल मंडल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला सराय थाना क्षेत्र के बोअरिया गांव का है। रिटायर्ड फौजी बृजेश सिंह का ग्रामीण रणधीर कुमार सिंह से रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते बृजेश सिंह ने अपने दोनों भाइयों की मदद से रणधीर कुमार सिंह और उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया।


डीएसपी के अनुसार, रिटायर्ड फौजी ने जान से मारने की नीयत से तीन-चार राउंड फायरिंग की थी। हालांकि, संयोगवश गोली पिता-पुत्र को नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड फौजी बृजेश सिंह और उसके एक भाई को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली गई है।


इस संबंध में सराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में रिटायर्ड फौजी ने बंदूक को लाइसेंसी बताया है, लेकिन थाने की पंजी में उसका विवरण दर्ज नहीं है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बंदूक लाइसेंसी हथियार पोर्टल पर पंजीकृत है या नहीं।