Bihar Crime News: बिहार में डबल मर्डर की वारदात से हड़कंप, युवक की हत्या के बाद गुस्साए लोगों आरोपी को जिंदा जलाया

Bihar Crime News: अररिया जिले के भरगामा में जमीन विवाद को लेकर दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। पहले जय कुमार यादव की गोली मारकर हत्या की गई, फिर आक्रोशित भीड़ ने आरोपी नयन यादव को जिंदा जला दिया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 30, 2025, 11:50:30 AM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के अररिया के भरगामा प्रखंड में हत्या का बदला हत्या से लेने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। नवटोली धनेश्वरी स्थित बालू और सीमेंट के डिपो में शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे बदमाशों ने 30 वर्षीय युवक जय कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। जय कुमार वहीं सोया हुआ था। 


यह डिपो पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव का है, और जय कुमार उनके सहयोगी थे। जय कुमार की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने हत्या के आरोपी नयन यादव के घर पर धावा बोल दिया और घर में आग लगा दी। आग की चपेट में आकर नयन यादव की भी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।


डबल मर्डर की सूचना मिलते ही भरगामा थानेदार राजेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा और एसएफएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रानीगंज, बौंसी समेत अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।


पुलिस के अनुसार, यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव और नयन यादव के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में जय कुमार की हत्या हुई और बदले में नयन यादव को भीड़ ने जिंदा जला दिया। फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।