1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 02, 2025, 4:38:58 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Crime News: दशहरा के दिन छपरा में अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया है। बेखौफ अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में कार सवार दो लोगों को गोली मार दी। गोली लगने से एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है, उसे पटना रेफर किया गया है। घटना भेल्दी थाना क्षेत्र के जलालपुर चौक की है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।
मृतक की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के खरीदाह गांव निवासी विनोद पांडेय के 30 वर्षीय बेटे राहुल पांडेय के रूप में हुई है जबकि सुधांशु पांडेय का 17 वर्षीय बेटा सूरज पांडेय गोली लगने से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक राहुल अपने भाई से कार लेकर जा रहा था। उसी बीच बदमाशों ने उसके सिर में गोली दाग दी। इसी दौरान सूरज पांडेय के सीने में भी गोली मारी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां से छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज पांडेय को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने राहुल के ललाट पर बीचों-बीच गोली मारी है और गोली उसके सिर को छेदती हुई निकल चुकी है।
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। फिलहाल सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
रिपोर्ट- शिवम सिंह, छपरा