Bihar Crime News: चुनावी तैयारियों के बीच बिहार में अपराधियों का तांडव, दिनदहाड़े युवक को मारी गोली

Bihar Crime News: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भोजपुर जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Oct 15, 2025, 3:15:16 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अपराधियों का तांडव जारी है। भोजपुर के आरा में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुट गई है। 


दरअसल, भोजपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरिया गांव के समीप बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोली लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी युवक को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि जख्मी युवक बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव निवासी स्वर्गीय राजनाथ सिंह का 42 वर्षीय पुत्र विपुल कुमार सिंह है। वह पेशे से फील्ड वर्कर के रूप में कार्यरत है।


जानकारी के अनुसार, विपुल किसी कार्य से बखरिया गांव के रास्ते से गुजर रहा था और आरा आ रहा था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके शरीर में लग गई, जिससे वह सड़क किनारे गिर गया। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। फिलहाल मामले के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच में जुटी है।