1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 02, 2025, 9:56:42 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के आरा में दुर्गा पूजा की रौनक के बीच अपराधियों ने भयंकर दहशत फैला दी है। नवादा थाना क्षेत्र के के.जी. रोड पर बुधवार देर रात एक दुर्गा पूजा पंडाल के पास 19 वर्षीय रंजन कुमार को गोली मार दी गई। रंजन, गोढ़ना रोड निवासी राकेश कुमार का बेटा है और पूजा समिति का सदस्य भी है। गोली उसके बाएं पैर के घुटने के नीचे से आर-पार हो गई, जिससे वह खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रक्तस्राव नियंत्रित कर एक्स-रे और ऑब्जर्वेशन शुरू किया गया है।
घटना का कारण पंडाल के पास नशे में धुत एक युवक 'गोलू' का हंगामा था। रंजन और अन्य लोगों ने उसे शांत रहने और घर जाने को कहा, चेतावनी दी कि पुलिस पकड़ लेगी। इससे नाराज गोलू अपने साथी के साथ लौटा, रंजन की शर्ट पकड़कर पंडाल से दूर ले गया, मारपीट की और उसकी शर्ट फाड़ दी। कुछ देर बाद गोलू फिर लौटा और रंजन पर पिस्टल से गोली चला दी। रंजन ने बताया कि गोलू उसका दूर का चाचा है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर नवादा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल का बयान दर्ज किया गया और पंडाल के आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ कि यह निजी रंजिश का मामला हो सकता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। SP ने कहा कि गोलू और उसके साथी की तलाश में छापेमारी शुरू हो चुकी है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।