1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 03, 2025, 8:30:49 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: विजयादशमी की पवित्र रात को गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के नई बाजार मोहल्ले में संपत्ति विवाद ने भयानक मोड़ ले लिया। यहां आरोपी राजेश ने अपने चचेरे भाई 35 वर्षीय दीपक को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और नशा चढ़ने पर सीने में चार गोलियां उतार दीं।
हत्या के बाद राजेश ने खुद शेरघाटी थाने में फोन कर कहा, "मैंने अपने भाई की हत्या कर दी है, मेरे कमरे में लाश पड़ी है।" पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दीपक का शव बरामद किया, जहां जमीन पर चारो तरफ खून बिखरा पड़ा था। मौके से चार गोली के खोखे और एक देसी कट्टा जब्त किया गया है।
पुलिस और ग्रामीणों के मुताबिक, दीपक को बचपन में शेरघाटी बस स्टैंड से लावारिस हालत में पाया गया था। आरोपी के चाचा द्वारिका प्रसाद ने उसे गोद लिया और पाला। चार साल पहले द्वारिका प्रसाद और उनकी पत्नी के निधन से पहले वसीयत में सारी संपत्ति दीपक के नाम कर दी गई। इसमें एक गेस्ट हाउस भी था जो दीपक किराए पर देकर गुजारा करता था। राजेश को लगता था कि संपत्ति का हिस्सा उसे भी मिलेगा, लेकिन ऐसा न होने पर रंजिश गहरी हो गई।
शेरघाटी थानाध्यक्ष सह ट्रेनी DSP अभिषेक कुमार ने बताया है कि राजेश ने पूछताछ में हत्या कबूल ली है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद मुख्य कारण लग रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी तहकीकात हो रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।