Bihar Crime News: बिहार में शराब पीने से रोकने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

Bihar Crime News: मोतिहारी में शराब पीने से रोकने पर गोलू कुमार नामक युवक की शराबियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में हुई घटना से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 08, 2025, 9:26:44 AM

Bihar Crime News

अस्पताल के बाहर का दृश्य - फ़ोटो रिपोर्टर

Bihar Crime News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद कुछ लोगों को शराब पीने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। पूर्वी चम्पारण के छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में शराबियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोलू कुमार के रूप में हुई है।


यह घटना छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर की है, जहां गोलू कुमार ने कुछ शराबियों को शराब पीने से रोका था। इससे नाराज शराबियों ने एकजुट होकर गोलू पर हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई इतनी बेरहम थी कि गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शराबी युवक की पिटाई करते दिख रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।


मृतक के भाई अंशु कुमार ने बताया कि कुछ शराबी उनके घर के आसपास शराब पी रहे थे। जब गोलू ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो गांव के शराबियों और दबंगों ने मिलकर गोलू और अंशु पर हमला कर दिया। अंशु ने कहा, “मेरे भाई की ज्यादा पिटाई होने से उसकी मौत हो गई। वह दुकान चलाकर और ऑटो ड्राइविंग करके परिवार का पालन-पोषण करता था।”


पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।  


रिपोर्टर: सोहराब आलम