प्यार बना मौत का जाल: ब्लैकमेल से तंग आकर प्रेमिका ने रची खूनी साजिश, सिर कटा शव से खुला राज

Bihar Crime News: पटना के पास परसा बाजार में मिली सिर कटी लाश का राज आखिर एक साल बाद खुल गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे प्रेम, ब्लैकमेल और खौफनाक साजिश की कहानी सामने आई है, जिसमें मृतक की प्रेमिका ही मास्टरमाइंड निकली।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 09, 2026, 11:35:32 AM

प्यार बना मौत का जाल: ब्लैकमेल से तंग आकर प्रेमिका ने रची खूनी साजिश, सिर कटा शव से खुला राज

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना से सटे परसा बाजार थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष मिली सिर कटी लाश के मामले का पुलिस ने अब सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि महिला अपने पूर्व प्रेमी की ब्लैकमेलिंग से काफी परेशान थी। इसी वजह से उसने अपने देवर और उसके साथियों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिलाया।


दरअसल यह पूरा मामला इश्क, ब्लैकमेल और साजिश की एक खौफनाक कहानी है। परसा बाजार थाना क्षेत्र के पलंगा गांव में पिछले साल 18 मार्च को एक सिर कटा शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआत में शव की पहचान करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। लेकिन धीरे-धीरे जांच आगे बढ़ी और एक साल बाद पुलिस ने इस हत्याकांड की पूरी गुत्थी सुलझा ली।


सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच के दौरान शव की पहचान जहानाबाद जिले के दौलतपुर राजा बाजार निवासी महादेव साह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच शुरू की। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई।


पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका, उसके देवर आलोक कुमार और सन्नी कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी परसा बाजार थाना क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक महिला का मृतक महादेव साह से करीब चार वर्षों से संपर्क था और दोनों के बीच प्रेम संबंध भी था।


जांच में यह भी सामने आया कि महादेव साह के पास महिला के कुछ अंतरंग वीडियो मौजूद थे। इन्हीं वीडियो के आधार पर वह महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था। महिला इस बात से बेहद परेशान रहने लगी थी। धीरे-धीरे यह मामला इतना बढ़ गया कि उसने अपने पूर्व प्रेमी से छुटकारा पाने के लिए हत्या की योजना बना डाली।


पुलिस के अनुसार महिला ने अपने देवर आलोक कुमार को इस बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर महादेव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 17 मार्च को आलोक ने महादेव साह को परसा आने के लिए बुलाया। जब महादेव वहां पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने मिलकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उसका सिर काट दिया और शव को पलंगा गांव के पास फेंक दिया।


घटना के बाद आरोपी लंबे समय तक पुलिस से बचते रहे। इस बीच आलोक कुमार ने अपने गांव में चल रहे निजी क्लिनिक को बंद कर दिया और पटना आ गया। यहां वह महेंद्र इलाके के एक हॉस्टल में रहकर दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी करने लगा ताकि पुलिस की नजरों से बचा रह सके।


हालांकि पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही थी। आखिरकार पुलिस को आलोक के बारे में पुख्ता जानकारी मिल गई और उसे पटना के महेंद्र इलाके स्थित हॉस्टल से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से बचने के लिए आलोक ने हॉस्टल की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।


वहीं दूसरी ओर महादेव साह के लापता होने के बाद उसकी पत्नी पूजा ने जहानाबाद नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि 17 मार्च की शाम महादेव काम के सिलसिले में पटना जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब आठ बजे तक उनकी फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था।


अब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरान हैं।