1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sep 15, 2025, 12:43:47 PM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में एक महिला का शव खेत में जलकुंभी से बरामद हुआ है। देखने से ऐसा प्रतीत हुआ मानो किसी ने लाश को छिपाने के लिए उसे ढक दिया हो। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भटौनी पंचायत, भटपुरा वार्ड नंबर 4 निवासी जितेंद्र शाह की 27 वर्षीय पत्नी कलावती देवी के रूप में हुई है। वह चार बच्चों (तीन बेटियां और एक बेटा) की मां थी और अपने सास-ससुर के न होने के कारण बच्चों के साथ अकेले रहती थी। उसका पति जितेंद्र पंजाब में मजदूरी करता है।

परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह कलावती खेत में घास काटने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ था। रविवार रात करीब 10 बजे खेत में जलकुंभी से उसका अर्धनग्न शव मिला है। उसके कपड़े 10 मीटर दूर पड़े थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की गई।
पति जितेंद्र को पत्नी की मौत की खबर मिलते ही वह पंजाब से घर के लिए रवाना हो गया है। सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया है। आगे पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
रिपोर्टर: रितेश