1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 19, 2025, 7:28:09 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण जिले के साइबर थाने की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अपराधी केवल बिहार ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी चकिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके बैंक खातों से अब तक करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा चुका है। आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को ठगते थे और विभिन्न बैंक खातों के जरिये धोखाधड़ी की रकम का लेन-देन करते थे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक मशीन और क्यूआर कोड जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार साइबर अपराधियों की पहचान दिलशान अहमद, आशिक जमाल, शिभू तिवारी, संदीप कुमार, रविरंजन कुमार और इरशाद के रूप में हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी