Bihar Crime News: बिहार में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों का तांडव, वार्ड सदस्य के घर बोला हमला; ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप

Bihar Crime News: बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने वार्ड सदस्यों के घरों पर हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में मारपीट, गोलीबारी और लूटपाट की गई।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Sep 07, 2025, 7:31:40 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के महेशवाड़ा पंचायत में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार की देर रात नौलखा वार्ड नंबर-1 और महेशवाड़ा वार्ड नंबर-2 में आधे दर्जन से अधिक बदमाशों ने घरों पर धावा बोलकर गोलीबारी और मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


वार्ड नंबर-1 की सदस्या स्व. महेंद्र महतो की पत्नी शांति देवी ने थाने में आवेदन देकर बताया कि रात करीब 12 बजे उनका पुत्र नवीन कुमार दरवाजे पर सोया था और वह पास में बैठी थीं। तभी बदमाशों ने आकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाशों ने कहा कि एक माह पहले मांगी गई दो लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी गई है। उन्होंने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो पूरे परिवार को मार देंगे।


शांति देवी ने अमित कुमार, सोनू कुमार, अतुल मिश्रा, राहुल कुमार सहित दो अन्य अज्ञात बदमाशों पर हमला करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने मौके से दो खोखा और तीन मिसफायर गोली बरामद कर पुलिस को सौंप दी। इसी तरह महेशवाड़ा वार्ड नंबर-2 के कुशो साव की पत्नी प्रमिला देवी ने भी थाने में आवेदन देकर बदमाशों पर गोलीबारी का आरोप लगाया। 


उन्होंने कहा कि पति को पानी देने के दौरान बदमाशों ने घर पर चढ़कर हमला किया। इस दौरान वे और उनके पति बाल-बाल बच गए। बदमाशों ने उनकी कान की बाली तक छीन ली। प्रमिला देवी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने आशिष कुमार, सोनू कुमार, अतुल मिश्रा, राहुल कुमार और दो अन्य पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने और उनके बेटों दीपक एवं कन्हैया को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद नौलखा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने एसपी मनीष कुमार से मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा वे किसी भी समय वार्ड सदस्या और उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं।