1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Nov 18, 2025, 3:56:42 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार एसटीएफ के नारकोटिक्स सेल ने मुजफ्फरपुर में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा के नेतृत्व में अहियापुर थाना पुलिस के द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 1016 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के द्वारा सूचना मिली कि दो मादक पदार्थ तस्कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड की ओर बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में अहियापुर थाना पुलिस को भी शामिल किया गया।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरिया बस स्टैंड के पास दोनों तस्करों को दबोच लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के घरहरवा गांव निवासी राजेश्वर पंडित और नकरदेई थाना क्षेत्र निवासी पूनम देवी के रूप में हुई है , दोनों के पास से 1016 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार पूनम देवी पूर्व में भी मादक पदार्थ कि तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है।
दोनो के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। दोनों से पूछताछ के आधार पर उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अहियापुर थाना में कांड संख्या 1569/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।