1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jan 20, 2025, 2:43:54 PM
सहरसा में रंगदारी की मांग - फ़ोटो GOOGLE
saharsa crime news: खबर सहरसा जिले से है जहां नगर निगम क्षेत्र के मुरली शाहपुर गांव वार्ड नंबर 7 में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने दो भाईयों को बुरी तरह पीट डाला जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। अखिलेश कुमार और मिथिलेश कुमार गांव में पोल्ट्री फार्म चलाते हैं। बदमाशों ने रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर दोनों भाईयों की पिटाई कर दी गयी.
घायलों की पहचान स्वर्गीय दीप नारायण यादव के पुत्र अखिलेश कुमार और मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल अखिलेश ने बताया कि वे लंबे समय से अपने गांव में पोल्ट्री फार्म चला रहे हैं। कुछ दिन पहले अंकेश कुमार नामक युवक ने उनसे रंगदारी की मांग की और यह कहा कि उनका मुर्गी फार्म बदबू फैलाता है, इसलिए या तो इसे हटाएं या फिर रंगदारी दें।
जब अखिलेश ने रंगदारी देने से इनकार किया तो अंकेश कुमार, रुपेश कुमार, राजेश कुमार और महादेव यादव लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उनके घर पर पहुंच गये और हमला कर दिया। हमले के दौरान जब अखिलेश का भाई मिथिलेश उसे बचाने आया तो बदमाशों ने उसे भी बुरी तरह पीट डाला। इस दोनों दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायल दोनों भाइयों को सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि पीड़ितों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और दोषियों को गिरफ्तार करने की अपील कर रहे हैं।