1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 10, 2025, 1:07:01 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Teacher News: बिहार के बांका में शराब पीकर हंगामा करना एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को भारी पड़ गया। प्रिंसिपल के शराब के नशे में होने की जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी। जानकारी मिलते ही कॉलेज पहुंची पुलिस ने एक मिनट में प्रिंसिपल का सारा नशा उतार दिया और उसे पकड़कर थाने ले गई।
दरअसल, रजौन के कोतवाली गांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार शराब पीकर कॉलेज पहुंचे थे और शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। रविवार को कॉलेज पहुंचने के बाद प्रिंसिपल हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर रहे प्रिंसिपल को अरेस्ट कर लिया और उसे अपने साथ थाने ले गई।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रिंसिपल अक्सर शराब पीकर कॉलेज पहुंचते हैं और इसी तरह से हंगामा करते हैं। रविवार को भी वह शराब पीकर कॉलेज पहुंचे और अनाप-शनाप बोलने लगे। जब बच्चों ने इसका विरोध किया तो उनके ऊपर रौब झाड़ने लगे। प्रिंसिपल की करतूत से परेशान होकर किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दे दी। इसके बाद नवादा बाजार पुलिस कॉलेज पहुंची और शराबी प्रिंसिपल को पकड़कर थाने ले गई।
मेडिकल जांच में प्रिंसिपल के शराब पीने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने प्रिंसिपल को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है। थानेदार पंकज किशोर ने बताया कि कॉलेज के प्रिंसिपल भोजपुर के बड़हरा थाना क्षेत्र के कोलारामपुर गांव का रहने वाला है।
