1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 31, 2025, 7:13:38 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के बक्सर ज़िले के धनसोई थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मौजा में शनिवार को ज़मीन विवाद उस समय हिंसक हो गया जब प्रशासनिक टीम कब्जा दिलाने के लिए दलबल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस दल पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस की तीन जीपों और एक जेसीबी मशीन के शीशे टूट गए।
हमले में दो चौकीदार घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवादित ज़मीन खाता संख्या 235 में दर्ज है, जिसकी कुल क्षेत्रफल 6 एकड़ 99 डिसमिल है। यह ज़मीन मूल रूप से अभिषेक प्रताप सिंह की थी, जिसे बाद में चंद्रकांत राय ने खरीदा था। चंद्रकांत राय को इस भूमि पर एसडीएम, डीएम और हाईकोर्ट से स्वामित्व की डिग्री भी प्राप्त हो चुकी है।
हालांकि, समाहुता टोला के स्थानीय निवासी इसे 'शेरशाह का पोखरा' बताकर खेल मैदान के रूप में इस्तेमाल करते आ रहे हैं। राजपुर की सीओ शोभा कुमारी, एसडीएम के आदेश पर पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ ज़मीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थीं। विरोध के दौरान हालात बिगड़ते देख पुलिस दल को पीछे हटना पड़ा। सीओ शोभा कुमारी को एक बस में बैठाकर सुरक्षित रूप से निकाला गया।
बक्सर डीएसपी गौतम पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।