पटना में कारोबारी से 2 लाख की रंगदारी मांगने वाला अपराधी गिरफ्तार, जान से मारने की दी थी धमकी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 08, 2025, 10:41:01 PM

BIHAR POLICE

रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार - फ़ोटो GOOGLE

patna crime: अब बेलगाम अपराधियों को पकड़ने में पटना पुलिस लग गयी है। पटना के नौबतपुर थाना पुलिस ने एक कारोबारी से 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल और सिम कार्ड भी जब्त किया है। गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ जारी है। इस शख्स ने कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित ने इस बात की शिकायत पुलिस से की थी जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आज उस अपराधी को धड़ दबोचा। 


बताया जाता है कि 6 जनवरी को नौबतपुर के एक बिजनेसमैन अरुण कुमार विद्यार्थी को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अपराधी ने मैसेज भेजकर 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। कहा था कि रंगदारी की रकम नहीं दिये तो दुकान पर आकर गोली मारकर हत्या कर देंगे। धमकी मिलने के बाद अरुण कुमार ने नौबतपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। केस दर्ज होते ही पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी और आखिरकार पुलिस ने धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया। अब उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। 


नौबतपुर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर अपराधी की पहचान फुलवारी शरीफ के मोहम्मदपुर कुर्जी गाँव के अभिषेक कुमार उर्फ कुणाल कुमार के रूप में की। पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक कुमार अपने गाँव मोहम्मदपुर में है। पुलिस ने एक टीम बनाकर छापेमारी शुरू की और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जो भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उस मोबाइल और सिम कार्ड को भी जब्त कर लिया है जिससे रंगदारी की मांग की गई थी। नौबतपुर थाना प्रभारी रजनीश कुमार केसरी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और बताया कि पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद पकड़े गये अपराधी को जेल भेजा जाएगा।