1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 17, 2026, 1:01:54 PM
- फ़ोटो Google
Patna Crime News: पटना के दानापुर में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब क्राइम सीन को रीक्रिएट करने वाली है। इसके लिए मृतक छात्रा के वजन और कद के बराबर तीन पुतले बनाए गए हैं, जिन्हें आज बारी-बारी से बिल्डिंग की सातवीं मंजिल से नीचे गिराया जाएगा। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना वाले दिन छात्रा ने खुद छलांग लगाई थी या किसी ने उसे धक्का दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच की चुनौतियां
छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन शोषण के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, जिससे जांच में ठोस दिशा नहीं बन सकी है। पुलिस अब एफएसएल टीम के साथ क्राइम सीन रीक्रिएट कर घटना के वास्तविक क्रम को समझने की कोशिश करेगी।
जानकारी के मुताबिक, एक डमी को छात्रा के वजन के बराबर गिराया जाएगा ताकि यह देखा जा सके कि वह खुद कूदी या किसी ने धक्का दिया। दूसरी डमी को धक्का देकर गिराया जाएगा, जिससे घटना की संभावित परिस्थितियों की तुलना की जा सके।
CCTV फुटेज और परिजनों का आरोप
छात्रा के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसे बिल्डिंग से नीचे धक्का दिया गया। कोचिंग सेंटर के CCTV फुटेज में छात्रा सफेद कपड़ों में सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखाई दे रही है, जबकि उसके पीछे दो युवक तेजी से ऊपर चढ़ते दिख रहे हैं। फुटेज में छात्रा को गिरते हुए और युवक सीढ़ियों से नीचे लौटते हुए भी देखा गया।
हिरासत में लिए गए आरोपी
पुलिस ने शुरुआती शक के आधार पर अपार्टमेंट में काम करने वाले एक बढ़ई, एक गार्ड समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पूछताछ में उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपियों को घटनास्थल पर भी लाया जाएगा, ताकि वास्तविक घटनाक्रम समझा जा सके।