Patna Crime News: पटना में रिटायर क्लर्क के बेटे का अपहरण, पुलिस ने 4 घंटे में किया बरामद; बदमाशों ने मांगी थी 30 लाख की फिरौती

Patna Crime News: पटना के दानापुर में 30 लाख की फिरौती के लिए बदमाशों ने एक रिटायर क्लर्क के बेटे का अपहरण कर लिया हालांकि पटना पुलिस ने 4 घंटे में उसे सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 25, 2026, 5:28:31 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Patna Crime News: राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके में सोमवार रात एक सनसनीखेज अपहरण कांड सामने आया। मिथिला कॉलोनी निवासी शंकर प्रसाद, जो भवन निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त क्लर्क हैं, उनके बेटे सन्नी कुमार का बदमाशों ने अपहरण कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी।


घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई शुरू की। 


पुलिस को पता चला कि अपहरण के बाद सन्नी को पहले लेखानगर इलाके में रखा गया था। बाद में जब बदमाश उसे दूसरी जगह ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने रूपसपुर नहर रोड पर घेराबंदी कर उसे सकुशल मुक्त करा लिया। पूरी रेस्क्यू कार्रवाई महज चार घंटे के भीतर पूरी कर ली गई।


इस मामले में पुलिस ने पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पटना के फुलवारी शरीफ (मंझौली) निवासी राहुल कुमार और विशाल कुमार, हरियाणा के गनौर निवासी हिमांशु सिंह तथा नई दिल्ली के लोदी रोड निवासी प्रतीक वाजपेयी शामिल हैं।


आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक कार, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद किए हैं। दानापुर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम धाकड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की गहन जांच में जुटी हुई है।