1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 06, 2025, 3:54:43 PM
अपहरण के बाद हत्या - फ़ोटो GOOGLE
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है। अपराधी एक के बाद एक अपराध की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले का है जहां युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। बहन को इंटर की परीक्षा दिलाने जा रहे भाई का पहले अपहरण किया गया फिर हत्या कर नहर के पास फेंक दिया गया।
घटना थावे थाना क्षेत्र के कविलासपुर नहर की है जहां से शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के खास परसौनी गांव निवासी गौतम यादव के पुत्र सूरज कुमार यादव के रूप में की गयी है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस सड़क दुर्घटना में मौत की बात कह रही है। बताया जाता है कि मृतक सूरज कुमार यादव आईटीआई का छात्र था और बहन को इंटर की परीक्षा दिलाने के लिए 5 फरवरी की सुबह घर से बाईक से निकला था।
परिजनों के अनुसार बहन को परीक्षा केंद्र पर छोड़कर सूरज मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन में चला गया था लेकिन वापस बहन को परीक्षा केंद्र से लेने नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की तब रात में नहर किनारे युवक का शव मिलने की सूचना थावे थाने की पुलिस को मिली। छानबीन के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में की। पुलिस का कहना है कि सूरज कुमार की मौत सड़क हादसे में हुई है।
इधर, परिजन अपहरण करने के बाद हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का आरोप है कि सूरज कुमार यादव को पहले से धमकी मिल रही थी और उसे साजिश के तहत अपहरण करके हत्या की गई है। परिजनों के मुताबिक सूरज कुमार के गले पर नाखून का निशान पाया गया है, शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिले हैं। साजिश के तहत दिन में हत्या करने के बाद रात में पुलिस से बचने के लिए नहर किनारे शव को फेंका गया है। हालांकि पुलिस सभी बिंदु पर जांच की बात कह रही है और शव का पोस्टमार्टम कराने में जुटी हुई है।