1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 13, 2025, 2:34:24 PM
पैसे के लिए 7 वचन भूला - फ़ोटो सोशल मीडिया
HAZARIBAG: झारखंड के हजारीबाग में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पदमा प्रखंड के लाटी गांव के पास हथिया मोड़ पर कुछ दिन पहले एक महिला की कथित सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, लेकिन जांच में मामला हत्या का निकला। आरोपी पति ने 75 लाख रुपये के बीमे की रकम पाने के लिए पत्नी की ही जान ले ली थी।
9 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पदमा के दोनईकला निवासी महावीर उर्फ मुंशी प्रसाद मेहता की पुत्री का शव सड़क किनारे मिला था। उसके बगल में पति मुकेश मेहता बेहोशी की हालत में पाया गया। उस समय पुलिस और स्थानीय लोगों ने इसे साधारण सड़क दुर्घटना माना था।
हालांकि, जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुकेश ने बीमा की रकम के लालच में अपनी पत्नी की नाक और मुंह दबाकर हत्या की थी। इसके बाद वह उसे सड़क पर लिटाकर खुद भी पास में लेट गया ताकि पूरी घटना हादसे जैसी लगे। रविवार को जब ससुराल पक्ष आरोपी को थाने लेकर पहुंचा, तो पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।