देश में गैस की किल्लत के बीच बड़ी वारदात, 524 सिलेंडरों से भरा ट्रक ले भागे चोर, पुलिस भी हैरान

Crime News: झांसी में एलपीजी सिलेंडरों से भरे एक ट्रक की चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी। 524 सिलेंडर, कीमत करीब 18 लाख रुपये, अचानक गायब हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और संगठित गिरोह की संभावना पर भी गौर किया जा रहा है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 10, 2026, 7:07:18 PM

देश में गैस की किल्लत के बीच बड़ी वारदात, 524 सिलेंडरों से भरा ट्रक ले भागे चोर, पुलिस भी हैरान

- फ़ोटो

Crime News: पुरे देश में इन दिनों गैस की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगह लोगों को समय पर एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे माहौल के बीच झांसी से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया। यहां एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक पूरा ट्रक ही चोरी हो गया। ट्रक में कुल 524 एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई।


जानकारी के मुताबिक यह ट्रक भारत पेट्रोलियम के प्लांट से गैस सिलेंडर लेकर कानपुर देहात के गजनेर जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही यह पूरी वारदात हो गई। बताया जा रहा है कि होली का त्योहार होने की वजह से ट्रक ड्राइवर ने कुछ समय के लिए ट्रक को प्लांट के बाहर ही खड़ा कर दिया था और वह वहां से चला गया। ड्राइवर को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसकी थोड़ी सी लापरवाही इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगी।


जब ड्राइवर वापस लौटा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जहां ट्रक खड़ा था, वहां ट्रक गायब था। पहले तो उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब ट्रक का कहीं पता नहीं चला तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और ट्रक की तलाश शुरू कर दी।


काफी खोजबीन के बाद पुलिस को झांसी के पारीछा इलाके के पास वह ट्रक मिल गया। लेकिन जब ट्रक की जांच की गई तो उसमें एक भी गैस सिलेंडर नहीं था। ट्रक पूरी तरह खाली मिला। यानी चोर सिर्फ ट्रक ही नहीं ले गए, बल्कि उसमें रखे 524 गैस सिलेंडर भी गायब कर दिए।


अब सबसे बड़ा सवाल है कि गैस की किल्लत के बीच इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर आखिर कहां चले गए। पुलिस को शक है कि इस चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। इतनी बड़ी वारदात बिना योजना के होना मुश्किल माना जा रहा है।


फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।