1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Dec 19, 2025, 12:50:07 PM
- फ़ोटो Google
Crime News: झारखंड के जमशेदपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोटका थाना में तैनात एक महिला चौकीदार की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी शव को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतका के परिजनों ने प्रेमी पर गला रेतने और चाकू से कई वार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह घटना 16 दिसंबर 2025 को पोटका थाना क्षेत्र के बड़ा सिदगी मुख्य सड़क की बताई जा रही है। दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सड़क किनारे खून से लथपथ महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर मृतका की स्कूटी भी खड़ी मिली।
मृत महिला चौकीदार की पहचान ज्योतिका हेमरम के रूप में हुई है, जो पोटका थाने में चौकीदार के पद पर कार्यरत थीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने के बाद पोटका थाना पुलिस के साथ डीएसपी, बीडीओ और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ज्योतिका को उसके प्रेमी ने पहले फोन कर बुलाया और फिर सुनसान जगह पर गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने चाकू से कई वार किए और फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसे कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी प्रेमी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।