Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों का तांडव, पूर्व मुखिया के भतीजे को गोलियों से भूना; हत्या की वारदात से हड़कंप

Bihar Crime News: खगड़िया जिले के मथार गांव में नाव सवारी को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। हमले में एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 06, 2025, 8:06:58 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार को दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मथार गांव में उस समय हुई, जब नाव पर यात्रियों को सवार कराने को लेकर विवाद हो गया।


घटना के दौरान बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया बल्लो यादव के भतीजे कुणाल कुमार की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सौरव का इलाज खगड़िया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।


कुणाल को सूचना मिली थी कि उसके नाव पर सवारी को लेकर विवाद हो रहा है। वह अपने दोस्त सौरव के साथ मौके पर पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने दोनों पर गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान कुणाल ने दम तोड़ दिया। उसे बेगूसराय रेफर किया गया था, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर SDPO-1 मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि नाव पर सवारी को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।


इस दर्दनाक घटना के बाद कुणाल के परिवार और गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का कहना है कि नाव के विवाद को लेकर पहले से ही तनाव था और उसी रंजिश में कुणाल को निशाना बनाया गया। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।