1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 19, 2026, 3:25:50 PM
- फ़ोटो Google
Crime News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी एक महिला सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है, जिसे गैंग में “मैडम जहर” के नाम से जाना जाता था। नेहा पर ड्रग्स सिंडिकेट और गैंग के आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, नेहा कथित तौर पर गैंग के सदस्य बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की करीबी सहयोगी है। बॉबी कबूतर पर अवैध हथियारों की सप्लाई और कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, बॉबी कबूतर हथियार सलीम उर्फ “सलीम पिस्टल” से लेता था, जिसे पहले नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है।
बॉबी कबूतर का नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, अभिनेत्री दिशा पटानी के घर के बाहर फायरिंग, और दिल्ली के नादिर शाह हत्याकांड जैसे मामलों में सामने आया है। वह विभिन्न गैंगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने में शामिल रहा है।
स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने बॉबी कबूतर, नेहा और दो अन्य सहयोगियों – मोहम्मद राजी खान तथा शाहबाज – को महिपालपुर फ्लाईओवर के पास गिरफ्तार किया। नेहा को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया और उससे गैंग के ड्रग्स कनेक्शन को लेकर पूछताछ जारी है।
जांच में यह भी सामने आया कि नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ब्यूटी पार्लर चलाती थी और गैंग की गतिविधियों में उसी की आड़ में शामिल थी। पुलिस के अनुसार, बॉबी और नेहा पिछले सात वर्षों से जुड़े हुए थे। इससे पहले गैंग से जुड़ी एक अन्य महिला सदस्य जोया, जो गैंग ऑपरेशन संभालती थी, को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल जेल में बंद है। मामले की आगे की जांच जारी है।