1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 23, 2025, 8:03:37 PM
थाने का निरीक्षण - फ़ोटो SOCIAL MEDIA
DESK: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) महोदया मीरगंज पहुंचीं। यहां उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर का निरीक्षण किया और बाद में बन रहे नए भवन का जायजा लेते हुए संवेदक को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना एवं कार्यालय में रखे गए अभिलेखों एवं पंजीयों का गहन अवलोकन किया।वहीं सर्किल इंस्पेक्टर एवं अकबरपुर थाने की टीम का भी निरक्षण किया गया एसपी ने लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण की स्थिति, राजस्व वादों और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की बारीक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनावी तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती अनिवार्य है। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष चौकसी होनी चाहिए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही, बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची और सुरक्षा व्यवस्था की भी उन्होंने समीक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान शांति और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने प्रत्येक रविवार को गुंडा परेड आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, आर्म्स एक्ट के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा 126 के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई को तेजी से लागू करने को कहा। अन्य आपराधिक मामलों के आरोपियों पर भी लगातार विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया गया।