1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 25, 2025, 12:27:29 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Crime News: मोतिहारी के फेनहारा थाना क्षेत्र के गोबिंदबारा गांव निवासी 50 वर्षीय सुरेश पासवान को पुलिस ने देर रात उनके घर से गिरफ्तार कर हाजत में बंद कर दियाथा। कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
पुलिस ने उन्हें फेनहारा बाजार के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सुरेश पासवान की मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने फेनहारा थाना के बाहर जमकर हंगामा किया और पुलिस पर हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन और एसडीओ कीर्तिका मिश्रा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझा कर भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मजिस्ट्रेट से जांच कराई जाने की बात कही है। डीएसपी और एसडीओ ने मृतक के भतीजे वकील पासवान से पूरी घटना क्रम की तहकीकात की।
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार अभियुक्त की अस्वस्थता के कारण मौत की संभावना जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सघन जांच की जाएगी। पकड़ीदयाल के सभी थाना अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पुलिस बल फेनहारा थाना में कैंप किए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस और परिजन दोनों मृतक के शव के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।