Hindi News / crime / मुंगेर में ATM फ्रॉड का नया तरीका: कार्ड फंसाकर ठगों ने उड़ाए 2...

मुंगेर में ATM फ्रॉड का नया तरीका: कार्ड फंसाकर ठगों ने उड़ाए 2 लाख रुपये

मुंगेर के नौआगढ़ी में एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर ठगों ने दो लोगों से करीब 2 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 07, 2026, 3:32:14 PM

बिहार न्यूज

ठगी के शिकार हुए बुजुर्ग - फ़ोटो रिपोर्टर

MUNGER: मुंगेर में ATM फ्रॉड का एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर अपराधियों ने दो लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों से करीब 2 लाख रुपये उड़ा लिए। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।


कहते हैं कि इंसान चाहे कितना भी सतर्क क्यों न हो, ठग अपने शातिर तरीकों से लोगों को फंसा ही लेते हैं। ऐसा ही मामला मुंगेर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नौआगढ़ी में देखने को मिली। जहां नौआगढ़ी निवासी रिटायर्ड पुलिसकर्मी राजेंद्र प्रसाद और एक अन्य युवक अभिषेक कुमार अलग-अलग एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे।


जैसे ही दोनों ने एटीएम मशीन में अपना कार्ड डाला, उनका कार्ड मशीन में फंस गया। इसके बाद दोनों ने एटीएम में लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले शख्स ने खुद को मददगार बताते हुए भरोसा दिलाया कि एक घंटे के अंदर कार्ड निकाल दिया जाएगा।


इस दौरान अभिषेक कुमार वहां से बाहर चले गए, जबकि दूसरी ओर ठग ने राजेंद्र प्रसाद से उनका एटीएम का पिन भी पूछ लिया। कुछ देर बाद जब दोनों वापस एटीएम पहुंचे, तो देखा कि उनका कार्ड मशीन से गायब था।


बाद में जांच करने पर पता चला कि राजेंद्र प्रसाद के खाते से करीब 1 लाख 15 हजार रुपये और अभिषेक कुमार के खाते से 83 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी। इतना ही नहीं, जिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया गया था, वह भी बाद में बंद मिला।


घटना के बाद दोनों पीड़ितों ने मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


इसलिए यदि आप भी एटीएम से पैसा निकालते है। तो सतर्क रहें। किसी भी अनजान नंबर पर कॉल ना करें और कभी भी अपना पिन कोड या गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। जिसे लोग हल्के में ले लेते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं। हजारों रूपये गंवाने के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास होता है। इसलिए सही कहा गया है कि सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी...

मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट