1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Sep 21, 2025, 2:38:12 PM
बिहार क्राइम न्यूज - फ़ोटो GOOGLE
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम देते हुए ग्रामीण चिकित्सक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तेघड़ा थाना क्षेत्र के आधारपुर बांध के समीप फेंक दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार की सुबह जब स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो उन्होंने बांध किनारे एक शव देखा। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही तेघड़ा पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक युवक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के भावानंदपुर रामदीरी गांव वार्ड-11 निवासी रमाकांत सिंह के पुत्र 31 वर्षीय मुरारी कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले तीन साल से अपने ससुराल मधुरापुर गांव में रह रहा था और वहीं पर घूम-घूमकर ग्रामीण चिकित्सक के रूप में इलाज करता था। परिजनों ने बताया कि 20 सितंबर की शाम मुरारी कुमार 6 हजार रुपये और मोबाइल फोन लेकर घर से निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद उनकी पत्नी ने फुलवरिया थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी बात को लेकर मुरारी कुमार का अपराधियों से विवाद हुआ था। विवाद के बाद अपराधियों ने पहले मारपीट की और फिर उसे अपने साथ उठा ले गए। बाद में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर शव को फेंक दिया। इस घटना को लेकर तेघड़ा थानाध्यक्ष अमलेश कुमार ने बताया सुबह सूचना मिली थी कि आधारपुर बांध के पास एक शव पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। मृतक की गर्दन पर गहरे धारदार हथियार से वार किया गया है।
पहचान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।