1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 08, 2025, 3:28:09 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna News: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पीरबहोर थाना क्षेत्र के जेपी गंगा पथ पर एनआईटी घाट के पास वाहन चेकिंग के दौरान 5 लाख रुपये नकद के साथ दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई दोपहर 1:15 बजे की गई, जब गाड़ियों की नियमित जांच चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, एक काले रंग के बैग में 10, 20, 50, 100 और 500 रुपये के नोट पाए गए। यह नकदी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से बरामद की गई, जिसमें मौजूद दो व्यक्तियों की पहचान हिलसा निवासी सूचित और अगमकुआं निवासी विक्रम के रूप में की गई है।
प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे दीदारगंज स्थित आरबी न्यूट्रीशन प्राइवेट लिमिटेड (आटा कंपनी) के कर्मचारी हैं। उनका कहना है कि वे कंपनी के पैसे HDFC बैंक में जमा कराने जा रहे थे। हालांकि, कोई पुख्ता दस्तावेज मौके पर नहीं दिखा सके।
चुनाव आयोग की आचार संहिता के चलते 49,000 से अधिक कैश लेकर चलना प्रतिबंधित है, जब तक कि उसका स्पष्ट स्रोत और दस्तावेज न हों। इसी आधार पर पुलिस ने नकदी को जब्त कर लिया है। पीरबहोर थाना प्रभारी सज्जाद गद्दी ने बताया कि पूरी रकम जब्त कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
उधर, पत्रकारों से बातचीत करते हुए पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर कई दिशा निर्देश दिए और उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।