1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 15, 2025, 5:32:11 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna Crime News: पटना पश्चिम के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी राजू कुमार और रितेश कुमार को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया है। दोनों अपराधी पटना पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे।
यह गिरफ्तारी 07 दिसंबर 2024 को हुई एक बड़ी डकैती से जुड़ी है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के लथार पुल और जीतन छपरा नहर रोड पर 5-6 अपराधियों ने पिस्टल के बल पर राहगीरों को लूट लिया था। मामले में जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को जेल भेज दिया था। अब मुख्य आरोपियों में शामिल राजू और रितेश भी पकड़ लिए गए हैं।
गिरफ्तार राजु कुमार पर हत्या की कोशिश, लूट, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं रितेश कुमार भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और डकैती जैसे मामलों में वांछित रहा है। दोनों अपराधी रानीतालाब इलाके में लंबे समय से दहशत का कारण बने हुए थे।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईयू टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुणे में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर पटना लेकर आई। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और इन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
लगातार बढ़ते अपराध पर नकेल कसने के लिए पटना पुलिस ने हाल ही में टॉप-10 अपराधियों की सूची बनाई थी। पुणे से हुई ये गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा।