1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 23, 2025, 1:21:58 PM
- फ़ोटो google
Patna Crime News: पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र के माधमा गांव में शुक्रवार शाम एक पारिवारिक आयोजन के दौरान दिल दहला देने वाली घटना हुई। नाना के श्राद्धभोज में शामिल होने आए युवक की उसके ममेरे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शैलेंद्र अपने नाना के श्राद्धभोज में शामिल होने के लिए अपनी नानी के गांव माधमा आया था। वहीं, भोज के बाद आरोपी ममेरा भाई प्रियरंजन यादव से किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि प्रियरंजन को यह लगता था कि परिवार में शैलेंद्र को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है, जिससे वह लंबे समय से नाराज चल रहा था।
विवाद इतना बढ़ गया कि प्रियरंजन ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर शैलेंद्र के सिर में गोली मार दी। शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी प्रियरंजन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना एम्स भेजा गया है, और रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रियरंजन यादव पर पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वह कुछ महीने पहले ही जेल से छूटा था। आपराधिक छवि के कारण परिवार में उसकी उपेक्षा होती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और गांव में माहौल मातम से भरा है।