1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 25, 2025, 7:02:16 PM
- फ़ोटो reporter
Purnea News: पूर्णिया के धमदाहा में प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने युवक की प्रेमिका के परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि युवक को लड़की ने फोन कर बुलाया था, जहां पहले से मौजूद लड़की के परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना राजघाट गरेल गांव की है।
मृतक युवक की पहचान राजघाट गरेल निवासी नवीन पासवान के 19 वर्षीय बेटे रिशु कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने काम से कहीं जा रहा था, तभी अचानक उसकी प्रेमिका का फोन आया। उसने रिशु को मिलने के लिए बुलाया। उसी लड़की के परिजनों ने पकड़ कर पिटाई शुरू कर दी।
जब इसकी जानकारी मृतक के दोस्त ने परिजनों को दी तो परिजन मौके पर पहुंचे। वहां लड़की के परिजन रिशु को बुरी तरह से पीट रहे थे। परिजन पहुंचे तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना की जानकारी धमदाहा थाने को दी गई लेकिन पुलिस तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची।
मृतक रिशु के परिजनों ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि लड़की के पिता जेडीयू नेता हैं। अभी भी खुलेआम धमकी दी जा रही है और घटना को अंजाम देने के बाद वह खुलेआम घूम रहा है और पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से राजद के संभावित प्रत्याशी निरंजन कुशवाहा परिजनों से मिले और उनका हाल-चाल जानकर हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया। पुलिस प्रशासन से आग्रह करते हुए कहा कि जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम करें।