1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 26, 2025, 1:54:26 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार के वैशाली ज़िले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पैकौली गांव में सोमवार की देर रात अपराधियों ने राजद नेता शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भैरोपुर गांव निवासी, स्वर्गीय भगवत सिंह के पुत्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। मृतक पैकौली स्थित अपने पुराने घर से नए घर में सोने के लिए आए थे। उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां आंखों में और एक पीठ पर लगी।
गोलियों की आवाज़ सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हाजीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि शिव शंकर सिंह दो वर्ष पहले बिजली विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में जमीन की खरीद-बिक्री का कार्य कर रहे थे। परिवार में उनके चार भाई, तीन बहन, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। शिव शंकर सिंह राजद के बिदुपुर प्रखंड महासचिव के पद पर पिछले तीन वर्षों से कार्यरत थे और क्षेत्र में एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते थे।
हत्या की खबर फैलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।